Latest posts

गर्भावस्था के आखिरी महीने में व्यायाम Exercise in the last month of pregnancy


गर्भावस्था के आखिरी महीने में व्यायाम


गर्भावस्था के दौरान व्यायाम मां व शिशु दोनों को सेहतमंद रखता है। महिलाएं गर्भावस्था के आखिरी महीने तक व्यायाम कर सकती हैं। इससे वे चुस्त दुरुस्त तो रहती ही है साथ ही कई अन्य समस्याओं से भी बची रहती हैं। अगर आप गर्भावस्था में व्यायाम की शुरुआत कर रही हैं तो डॉक्टर की सलाह जरूर लें। गर्भावस्था के आखिरी महीने में बच्चे का विकास पूरी तरह से हो चुका होता है। ऐसे में आप आसानी से किए जाने वाले व्यायाम ही करें।

किस तरह के व्यायाम करें
महिलाओं को गर्भावस्था के आखिरी महीने में तब तक व्यायाम करना चाहिए जब तक उन्हें कोई परेशानी नहीं हो। इस दौरान हृदय संबंधी व्यायाम भी जारी रखे जा सकते हैं। इसके अलावा टहलना व स्वीमिंग करना भी अच्छा विकल्प हो सकता है। आप चाहें तो योग क्लासेज ज्वॉइन कर सकती हैं।

व्यायाम के लाभ
गर्भावस्था के आखिरी महीने में व्यायाम करने से महिलाओं को कमर दर्द जैसी समस्या नहीं होती है साथ ही वे तनाव से दूर रहती हैं और अच्छा महसूस करती हैं। इस दौरान महिलाओं को अत्यधिक वजन बढ़ने की समस्या हो जाती है व्यायाम करने से गर्भवती महिलाओं के शरीर पर अतिरिक्त चर्बी जमा नहीं होती । जो महिलाएं गर्भावस्था के दौरान नियमित व्यायाम करती हैं उन्‍हें डायबिटीज, पोस्टपार्टम डिप्रेशन व उच्च रक्तचाप का खतरा कम होता है। व्यायाम से महिलाओं की टांगे मजबूत रहती हैं और कूल्हे खुलते हैं इससे उन्‍हें प्रसव के दौरान समस्‍याएं नहीं होती।

महत्व
सेहतमंद शिशुओं के लिए गर्भावस्था के दौरान व्यायाम जरूरी है। आमतौर पर ऐसा देखा गया है कि जो महिलाओं गर्भावस्था के दौरान व्यायाम करती हैं उनके शिशु अन्य महिलाओं के शिशु के मुकाबले ज्यादा सेहतमंद होते हैं। इन शिशुओं में जन्म से कम वजन की समस्या बहुत कम पाई जाती है। व्यायाम करने वाली महिलाओं के शिशु के बीमार होने की संभावना कम होती है।

एक्सरसाइज गाइडलाइन
गर्भवती महिला को डॉक्टर की सलाह अनुसार व जानकारों की निगरानी में ही व्यायाम करना चाहिए। इस अवस्था में महिलाओं को टहलना, एरोबिक्स जैसे व्यायाम चुनने चाहिए। जो महिलाएं गर्भावस्था के शुरुआती दौर से जॉगिंग कर रही हैं वे इसे जारी रख सकती हैं। लेकिन ध्यान रहें डॉक्टर की सलाह भी जरूरी है।

सावधानियां
अगर व्यायाम के दौरान आपको किसी भी तरह की समस्या हो जैसे सिर में दर्द, सूजन होना या पेट में दर्द, तो तुरंत अपने डॉक्टर को इस बारे में बताएं। आखिरी महीने में किसी भी तरह की लापरवाही मां व शिशु दोनों के लिए घातक हो सकती हैं इसलिए उतना ही व्यायाम करें जितना आपका शरीर इजाजत दें।

if u like the post please like and shear

No comments